सिंधिया-नरोत्तम के गढ़ में कांग्रेसी आज दिग्गी के सामने निकालेंगे मन की भड़ास

WhatsApp Channel Join Now


सिंधिया-नरोत्तम के गढ़ में कांग्रेसी आज दिग्गी के सामने निकालेंगे मन की भड़ास


भोपाल, 17 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की सत्ता में एक बार फिर वापस लौटने के लिए कांग्रेस ने जमीनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं में व्याप्त असंतोष को देखते हुए दिग्विजय सिंह ने 2018 के चुनाव की तरह समन्वय बनाने की रणनीति अपनाई है। इसके तहत उन्होंने पिछले सप्ताह विंध्य में बैठकें ली थीं। अब शुक्रवार को दिग्विजय सिंह दतिया, शिवपुरी, गुना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठकें लेंगे।

कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने और उनमें समन्वय बनाने के लिए दिग्विजय सिंह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं को बोलने की पूरी छूट रहेगी। जिसके मन में जो बात है, वो भड़ास निकालते हुए बात रखेगा। इसके बाद कार्यकर्ताओं की बात को सुनकर दिग्गी समाधान और समन्वय के रास्ते निकालेंगे।

दिग्विजय सिंह शुक्रवार सुबह 10:30 बजे दतिया में पीतांबरा माई के दर्शन के बाद गहोई वाटिका, पीताम्बरा पीठ के पास, 11:30 बजे दतिया विधानसभा के कांग्रेस के मण्डलम् व सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों के बाद दिग्गी शाम पांच बजे शिवपुरी पहुंचेंगे। शिवपुरी के स्टेशन रोड स्थित कमला हैरीटेज होटल में शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के ब्लॉक, मण्डलम् व सेक्टर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। शाम 7 बजे शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के नगर पालिका, परिषद, जनपद व जिला पंचायत के सदस्य, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, किसान कांग्रेस, आईटी सेल, एनएसयूआई समेत सभी प्रकोष्ठों के सदस्य व सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व और वर्तमान, पदाधिकारियों सहित कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। रात नौ बजे शिवपुरी से रवाना होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकुंद

Share this story