वाहनों से वसूली की शिकायत, आरआई निलंबित, डीआईजी अतुल सिंह की कार्रवाई, एएसपी को सौंपी जांच

WhatsApp Channel Join Now
वाहनों से वसूली की शिकायत, आरआई निलंबित, डीआईजी अतुल सिंह की कार्रवाई, एएसपी को सौंपी जांच


जबलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में कुंडम रोड पर वाहनों की चेकिंग के दौरान वाहन चालकों से कथित रूप से रुपये मांगने के मामले में रक्षित निरीक्षक (आरआई) योगेश चौकसे को डीआईजी अतुल सिंह ने शुक्रवार को प्रथम दृष्टया निलंबित कर दिया है। मामले की विस्तृत जांच एएसपी मनीष भारद्वाज को सौंपी गई है।

डीआईजी अतुल सिंह के मुताबिक, आरआई योगेश चौकसे की ड्यूटी हाईकोर्ट की सुरक्षा में लगाई गई थी, लेकिन वे वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति के बिना शासकीय वाहन और वायरलेस सेट के साथ कुंडम रोड पर वाहन चेकिंग करने पहुंच गए। इस दौरान वाहन चालकों से रुपये मांगने की शिकायत डीआईजी तक पहुंची।

शिकायत मिलने पर डीआईजी ने मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि योगेश चौकसे की तैनाती हाईकोर्ट सुरक्षा में थी और उन्हें कुंडम रोड पर वाहन चेकिंग करने के कोई निर्देश नहीं दिए गए थे। डीआईजी ने मोबाइल और वायरलेस सेट के माध्यम से उनसे संपर्क कर स्थिति जाननी चाही, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।

डीआईजी ने आरआई योगेश चौकसे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच एएसपी मनीष भारद्वाज को सौंप दी गई है। जांच में वाहन चेकिंग के दौरान रुपये मांगने की शिकायत और बिना अनुमति कार्रवाई करने के तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773680 Articles

Share this story