अनूपपुर: माता-पिता से विवाद के बाद आत्महत्या की कोशिश, मवेशी को बचाने बाइक से गिरा दिव्यांग

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: माता-पिता से विवाद के बाद आत्महत्या की कोशिश, मवेशी को बचाने बाइक से गिरा दिव्यांग


अनूपपुर: माता-पिता से विवाद के बाद आत्महत्या की कोशिश, मवेशी को बचाने बाइक से गिरा दिव्यांग


अनूपपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को 2 अलग-अलग घटनाओं में 2 युवक घायल हो गए। एक गांव में 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की जिसे ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बचाया और जिला चिकित्सालय पहुंचाया। दूसरी घटना में मवेशी से बाइक टकराने से बचाने के दौरान एक हाथ से दिव्यांग युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

माता-पिता से विवाद के बाद लगाई फांसी

ग्रामीणों ने बताया कि युवक सुबह से किसी बात को लेकर माता-पिता से विवाद कर रहा था। दोपहर में उसने उनके साथ मारपीट भी की। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। ग्रामीणों के अनुसार, युवक को लगा कि पुलिस उसे पकड़ने आएगी। इसके बाद वह कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद दरवाजा बंद होने की आवाज सुनकर ग्रामीण कमरे की ओर दौड़े। जिसे दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवक फंदे पर लटका हुआ था। जिसे रस्सी काटकर नीचे उतारा और जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने बताया कि कमरे से कीटनाशक दवा की गंध आ रही थी। हालांकि, युवक ने शराब पीने और जहर खाने से इनकार किया। उसने फांसी लगाने की बात स्वीकार की है।

ग्रामीणों के अनुसार, वह पहले भी दो बार जहर खा चुका है। युवक की शादी नहीं हुई है और वह परिवार का इकलौता बेटा है।

डॉक्टरों ने एक्स-रे जांच के बाद गर्दन में चोट की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है। उसका इलाज जारी है। जिला अस्पताल में पुलिस सहायता केंद्र की टीम युवक और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर रही है।

मवेशी से बचने में बाइक लेकर गिरा दिव्यांग युवक

दूसरी घटना में कांसा गांव निवासी 28 वर्षीय दशरथ यादव घायल हो गया। वह अपनी बड़ी मां के घर से बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान ढलान वाली सड़क पर सामने से मवेशी आ गया। उसे बचाने के लिए ब्रेक लगाने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़ा। दशरथ के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वह एक हाथ से दिव्यांग है। उसने बताया कि चार साल पहले रायपुर के स्टील प्लांट में काम करने के दौरान उसका बायां हाथ कट गया था। वह गांव में किराना दुकान चलाता है। दीपावली पर अपनी बड़ी मां से मिलने गया था और वहां से लौटते समय हादसा हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774635 Articles

Share this story