दमोह: मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सुनीं लोगों की समस्याएं


दमोह: मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सुनीं लोगों की समस्याएं


दमोह: मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सुनीं लोगों की समस्याएं


दमोह, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने शनिवार को दमोह जिले के नोहटा स्थित अपने जनसंपर्क कार्यालय में विशेष जनसुनवाई आयोजित कर क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनीं।

जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि सहायता तथा भूमि संबंधी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए।

मंत्री ने प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 56 लिखित आवेदन प्राप्त हुए, जबकि कई लोगों ने मौखिक रूप से भी अपनी समस्याएं रखीं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समयबद्ध समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

मंत्री लोधी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब आम नागरिक को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई की जाए। यदि कोई मामला नियमों के अनुरूप है तो उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक विलंब न केवल आमजन को परेशान करता है, बल्कि सुशासन की भावना को भी प्रभावित करता है।

मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि है। जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। जब जनप्रतिनिधि स्वयं जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनता है, तब प्रशासनिक व्यवस्था भी अधिक उत्तरदायी बनती है।

उन्होंने घोषणा की कि नोहटा स्थित कार्यालय में प्रत्येक शनिवार प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे सीधे जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी बात रखें, ताकि स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

जनसुनवाई के समापन पर उपस्थित नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित जनसुनवाई से आम लोगों को राहत मिलेगी, उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story