राजगढ़ः धर्मशाला परिसर में अतिक्रमण का आरोप, फूलमाली समाज ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः धर्मशाला परिसर में अतिक्रमण का आरोप, फूलमाली समाज ने सौंपा ज्ञापन


राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में माली धर्मशाला परिसर में कथित अतिक्रमण के विरोध में सोमवार को फूलमाली समाज के सैकड़ों लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। समाजजनों ने तहसीलदार कमलसिंह सोलंकी को ज्ञापन सौंपकर धर्मशाला परिसर से अवैध कब्जा हटाने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फूलमाली समाज के जिलाध्यक्ष बनवारी पुष्पद ने बताया कि इंदौर नाका क्षेत्र में एसडीएम निवास के पास माली धर्मशाला और हनुमान मंदिर स्थित है। धर्मशाला ब्यावरा नगरपालिका परिषद के रिकॉर्ड में दर्ज है और समाज द्वारा हर साल इसका टैक्स भी जमा किया जाता है। समाजजनों ने चंदा एकत्रित कर धर्मशाला के समीप श्री राधाकृष्ण मंदिर का निर्माण कराया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 5 सितंबर की रात मंदिर के पास कथित रूप से अवैध कब्जा कर दीवार बना दी गई। समाज पदाधिकारियों ने इसकी लिखित शिकायत नगरपालिका परिषद के सीएमओ से की थी। इसके बाद नगरपालिका कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि विष्णु बैरागी ने कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गलत व्यवहार किया।

समाज ने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अतिक्रमण का एक पुराना मामला एसडीएम कोर्ट में विचाराधीन है। समाजजनों ने प्रशासन से मौके की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। एसडीएम कार्यालय पहुंचने से पहले समाजजनों ने अतिक्रमण के विरोध में नारेबाजी भी की। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से कार्यालय परिसर में कुछ देर गहमागहमी का माहौल रहा। समाज पदाधिकारियों ने कहा कि धर्मशाला और मंदिर समाज की सामूहिक संपत्ति हैं और परिसर में किसी भी प्रकार का कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story