धार में बिजली पोल से टकराकर 4-5 बार पलटी स्कॉर्पियो, युवक की मौत, दोस्त का पैर कटा

WhatsApp Channel Join Now
धार में बिजली पोल से टकराकर 4-5 बार पलटी स्कॉर्पियो, युवक की मौत, दोस्त का पैर कटा


धार, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद में शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी सड़क किनारे पलटते हुए खेत में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर कटकर अलग हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, महेश्वर निवासी दक्ष उर्फ बाबू यादव (25) पुत्र सुभाष यादव, अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 09 बीपी 5879 से महेश्वर की ओर जा रहा था। शुक्रवार तड़के करीब 3 से 4 बजे धामनोद नगर में आईटीआई ग्राउंड के पास अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो बिजली के पोल से टकराकर सड़क किनारे करीब चार से पांच बार पलटी और खेत में जा गिरी। हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल पांच युवक सवार थे। दुर्घटना में दक्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप गहलाेत नाम का दाेस्त गंभीर रूप से घायल हुआ। संदीप का एक पैर कटकर अलग हो गया। संदीप को प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। खेत में पलटी स्कॉर्पियो को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765438 Articles

Share this story