धारः विधायक नीना वर्मा ने किसानों के साथ सुना प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का संबोधन
धार, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात'के 134वें एपिसोड का सीधा प्रसारण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नीना विक्रम वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम मे कृषि वैज्ञानिक, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिले के विभिन्न ग्रामों से आए 80 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने भी सहभागिता की।
उपस्थित सभी सहभागियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना, जिसमें उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों,जल संरक्षण, खेल, मौसम, खान पान और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि नीना विक्रम वर्मा ने उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए कहा कि'मन की बात' केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की प्रगति का दर्पण है। उन्होंने किसानों से प्रधानमंत्री जी द्वारा बताए गए नवाचारों को अपनाने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
प्रसारण के पश्चात, केंद्र प्रमुख डॉ. एस.एस. चौहान, कृषि विभाग के उप संचालक जीएस मोहनियाने किसानों के साथ सीधा संवाद किया। कृषि वैज्ञानिकों ने वर्तमान मौसम को देखते हुए उन्नत खरीफ फसलों की तैयारी,जैविक खाद के उपयोग और मृदा स्वास्थ्य के बारे में तकनीकी जानकारी साझा की। अधिकारियों ने बताया कि कृषि विभाग और केवीके मिलकर जिले के किसानों की आय दोगुनी करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

