धारः झाड़ियों में मिला मादा तेंदुआ शावक, इलाज के लिए भेजा गया भोपाल

WhatsApp Channel Join Now
धारः झाड़ियों में मिला मादा तेंदुआ शावक, इलाज के लिए भेजा गया भोपाल


धारः झाड़ियों में मिला मादा तेंदुआ शावक, इलाज के लिए भेजा गया भोपाल


धार, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में धामनोद वन परिक्षेत्र अंतर्गत उप परिक्षेत्र उमरबन की बीट सांवलाखेडी के ग्राम बेंचकुंआ में नदी किनारे झाड़ियों में मादा तेंदुआ शावक मिला है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शावक को सुरक्षित अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है। उसे रविवार को इलाज के लिए भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बेंचकुआं में ग्रामीणों ने शनिवार को झाड़ियों में शावक देखा। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग के अमले ने शावक को उसकी माँ से मिलाने के उद्देश्य से रातभर घटना स्थल के आसपास रखकर कड़ी निगरानी रखी। हालांकि, काफी प्रयासों के बाद भी मादा तेंदुआ वहां नहीं पहुंची और टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। इसके पश्चात रविवार को वन्यजीव तेंदुआ शावक को सुरक्षित वन परिक्षेत्र कार्यालय धामनोद लाया गया, जहाँ पशु चिकित्सक अधिकारी की उपस्थिति में उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉक्टरों के परीक्षण में पाया गया कि यह तेंदुआ शावक 'मादा' है और अत्यधिक कमजोरी की स्थिति में है।

विशेषज्ञों की निगरानी में इलाज जारी

पशुचिकित्सक अधिकारी द्वारा लिखित में सुझाव दिया गया कि शावक की जान बचाने और उसके बेहतर स्वास्थ्य के लिए उसे किसी विशेष चिकित्सक की सतत निगरानी में रखा जाना अत्यंत आवश्यक है। इस चिकित्सकीय सलाह के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार मादा तेंदुआ शावक को तुरंत वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल भेज दिया गया है, जहाँ वन्यजीव विशेषज्ञों और डॉक्टरों की टीम उसकी चौबीसों घंटे निगरानी व देखभाल कर रही है। यह कार्रवाई वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर के मार्गदर्शन में वन स्टाफ द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story