धार: घर के अंदर बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिला, हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
धार: घर के अंदर बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिला, हत्या की आशंका


धार, 24 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले में राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम बरमंडल में बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना पाकर माैके पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सरदारपुर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार बरमंडल स्थित भवानी माता मंदिर के पास रहने वाले बुजुर्ग जगदीश मारू (62) की अज्ञात आराेपित ने घर के अंदर हत्या कर दी। बुधवार सुबह उसका खून से सना हुआ शव मिला। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक के बेटे ने सबसे पहले शव काे देखा और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही राजोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और राजोद थाना प्रभारी रामसिंह राठौड़ भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर वार कर हत्या की है।

सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं और यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story