देवास में महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, भैंसों के साथ सड़क पर उतरे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता

WhatsApp Channel Join Now
देवास में महंगाई के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, भैंसों के साथ सड़क पर उतरे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता


देवास, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दो भैंसों को आगे रखकर विकास नगर से कैलादेवी चौराहे तक रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का यह तरीका लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही है। भैंसों के साथ निकाली गई यह रैली प्रतीकात्मक रूप से सरकार को “जगाने” का प्रयास थी।

रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण की मांग की। पूरे प्रदर्शन के दौरान माहौल जोशीला रहा और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो आगे भी इसी तरह के रचनात्मक और प्रभावी प्रदर्शन किए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story