देवास में चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित बचाए गए, सामान जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now
देवास में चलती यात्री बस में लगी भीषण आग, सभी यात्री सुरक्षित बचाए गए, सामान जलकर खाक


देवास, 28 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के नेवरी फाटा टोल के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह बस रीवा से सूरत जा रही थी और इसमें 40 से अधिक यात्री सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में चलते-चलते अचानक धुआं उठने लगा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। यात्रियों ने तुरंत चालक को सूचना दी, जिसके बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती आशंका के अनुसार आग डीजल टैंक से शुरू हुई, जो तेजी से फैलती चली गई।

इस दौरान एक बाइक सवार ने भी बस से धुआं निकलता देख चालक को सतर्क किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, अधिकतर यात्रियों का सामान बस में ही रह गया और आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री सदमे में आ गए और कुछ रोते-बिलखते नजर आए। एक यात्री बेहोश भी हो गया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला।

गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घटना ने यात्रियों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story