देवास की माता टेकरी पर फिर भड़की आग, नाथ समाधि के पास मची अफरा-तफरी, 20 मिनट में पाया काबू
देवास, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर गुरुवार दोपहर एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई। नाथ समाधि के पास अचानक आग भड़कने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समिति सदस्यों, स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से आग पर महज 20 मिनट में काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। स्थानीय लोगों ने भी सक्रियता दिखाते हुए आग को फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग अचानक भड़की, जिससे टेकरी पर मौजूद श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि माता टेकरी पर इससे पहले भी कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें काफी नुकसान हुआ था। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि आग ज्यादा बड़ी नहीं थी और करीब 10 से 15 मिनट में उस पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने कहा कि टेकरी क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने एक विशेष योजना तैयार की है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

