देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे आयशर ने टीआई को कुचला, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे आयशर ने टीआई को कुचला, इलाज के दौरान मौत


देवास, 02 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान रविवार देर रात काे दर्दनाक घटना सामने आई है। इंदौर-बैतूल हाईवे पर शराब से भरे आयशर वाहन ने खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल टीआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सोमवार तड़के उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक छा गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक आयशर वाहन गुजरात की तरफ जा रहा है। इसके बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा के निर्देश पर वाहन को पकड़ने के लिए पुलिस की पांच से अधिक टीमें बनाई गई थीं। इनमें खातेगांव, नेमावर, कन्नौद और सतवास थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल थीं। पुलिस वाहन का पीछा कर रही थी और आगे भी नाकाबंदी की गई थी।

इसी दौरान इंदौर-बैतूल हाईवे पर डिवाइडर के किनारे आयशर वाहन खड़ा मिला। बताया गया कि चालक पानी पीने के लिए रुका था। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को वाहन से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान टीआई पुरी वाहन की चपेट में आ गए और पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में पुरी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब दो घंटे तक सीपीआर सहित अन्य उपचार किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वाहन संदलपुर में छोड़कर चालक फरार

घटना के बाद आयशर चालक वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे ले गया और संदलपुर के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन में शराब भरी होने की पुष्टि पुलिस अधिकारियों ने की है। शराब की मात्रा और तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और मामले की जानकारी ली। टीआई पुरी के परिजन भी सूचना मिलने पर पहुंचे। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।

2007 बैच के उप निरीक्षक थे दिलीप पुरी

थाना प्रभारी दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। टीआई बनने के बाद वे इंदौर के हीरानगर और चंदन नगर थानों में भी पदस्थ रहे। ड्यूटी के दौरान हुई उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। उनका पार्थिव शरीर पोस्टमार्टम के बाद धार जिले के राजोद थाना क्षेत्र के बरमंडल ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

चंदाना-बिंजाना में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों के बाद फिर सवाल

देवास जिले में अवैध शराब का मुद्दा पहले भी गंभीर विवाद का कारण बन चुका है। जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर चंदाना और बिंजाना गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से 20 दिन के भीतर 13 से अधिक लोगों की मौत होने का दावा ग्रामीणों ने किया था। कई लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, 27 सितंबर से मौतों का सिलसिला शुरू हुआ था। शराब पीने के बाद लोगों को पेट दर्द, चक्कर, घबराहट और उल्टी जैसी शिकायतें हुई थीं। इन घटनाओं के बाद जिले में अवैध शराब के कारोबार और उसकी रोकथाम को लेकर सवाल उठे थे। मामले के बीच देवास और सागर के कलेक्टर-एसपी को बदलने की कार्रवाई भी हुई थी। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया सहित तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया था।

अब अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए की गई पुलिस कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी की मौत ने एक बार फिर जिले में शराब तस्करी के नेटवर्क और उसकी रोकथाम के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच में अब वाहन के चालक के साथ-साथ शराब की खेप के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770799 Articles

Share this story