देवास में गोवर्धन पूजा एवं गो-संवर्धन दिवस पर हुआ गौ-पूजन, मंत्री सिलावट ने की गौ-माता की महाआरती
- गौ-सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सनातन आस्था का जीवंत प्रतीक है गोवर्धन पूजाः मंत्री सिलावट
देवास, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में सोमवार को गोवर्धन पूजा एवं गो-संवर्धन दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देवास की जिला जेल स्थित गौशाला में आयोजित मुख्य गौ-पूजन कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट शामिल हुए।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गोवर्धन भगवान एवं गौ-माता की पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सुसज्जित गौ-माता को रोली-चंदन का तिलक लगाया, पुष्पमाला अर्पित की तथा आरती उतारकर गौ-ग्रास व भोग समर्पित किया। इस अवसर पर संपूर्ण परिसर 'जय गौ-माता' और 'गोवर्धन महाराज की जय' के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संकल्प के अनुरूप संपूर्ण मध्य प्रदेश में गोवर्धन पूजा को व्यापक जन-उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के मूल आधार गौ-वंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व है।
सिलावट ने कहा कि जिस प्रकार द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर संपूर्ण गोकुलवासियों और पशुधन की रक्षा की थी, उसी प्रकार हम सब मिलकर भगवान श्रीकृष्ण और गौ-माता से प्रार्थना करते हैं कि वे हमारे मध्यप्रदेश और देवास के प्रत्येक नागरिक पर अपनी असीम कृपा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास, कृषि समृद्धि, जल संवर्धन और सांस्कृतिक नवजागरण के पथ पर तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में विधायक मनोज चौधरी और पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव भारतीय जनजीवन में गौ-माता के स्थान को सर्वोपरि बताते हुए सांस्कृतिक महत्व रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा गौ-शालाओं के सुदृढ़ीकरण, प्राकृतिक खेती, दुग्ध उत्पादन वृद्धि तथा निराश्रित गौ-वंश के समुचित संरक्षण हेतु निरंतर कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर देवास नगर निगम महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, गौ-शाला प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों ने सामूहिक रूप से गौ-सेवा और संवर्धन के संकल्प को दोहराया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

