देवास में चार झोपड़ियों में लगी आग, 7 लाख नकदी जली, ढाई लाख के अधजले नोट मिले
देवास, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले के नेवरी फाटा क्षेत्र में शनिवार दोपहर लगी आग ने चार झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यापारी की करीब 7 लाख रुपए नकदी जलकर खाक हो गई। आग बुझने के बाद मौके से करीब ढाई लाख रुपये के अधजले नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।
झोपड़ी मालिक बाबूलाल नाथ ने बताया कि आग लगते ही वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ किसी तरह बाहर निकल आए। घर में अलग-अलग स्थानों पर करीब 7 लाख रुपये रखे थे, जिन्हें निकालने का मौका नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि आग शांत होने के बाद जब अंदर जाकर देखा, तो अधिकांश नकदी जल चुकी थी और केवल कुछ अधजले नोट ही बचे थे। बाबूलाल के अनुसार, वह साबूदाना, डिटर्जेंट और प्लास्टिक सामान का व्यापार करते हैं और हाल ही में महाराष्ट्र से लौटे थे। यह राशि व्यापार के लेन-देन और उधारी चुकाने के लिए रखी गई थी। उन्हें जल्द ही इंदौर जाकर भुगतान करना था।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही देवास और सोनकच्छ से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2:30 बजे आग पर काबू पाया गया। आग की लपटों ने पास में बने खाटूश्याम मंदिर को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों का अधिकांश सामान जल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

