देवास: नई कार खरीदने जा रहा परिवार हुआ हादसे का शिकार, सोनकच्छ के पास स्कॉर्पियो पलटी, बुआ-भतीजे की मौत
डेढ़ साल की बच्ची समेत 10 घायल, इंदौर रेफर किए गए सभी घायल
देवास, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में साेनकच्छ के पास बुधवार दाेपहर काे नई कार खरीदने की खुशी में इंदौर से भोपाल जा रहा एक परिवार दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। यहां परिवार की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार बुआ-भतीजे की मौत हो गई, जबकि डेढ़ साल की बच्ची समेत 10 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी गर्ग और अग्रवाल परिवार के 12 सदस्य स्कॉर्पियो वाहन से भोपाल जा रहे थे। परिवार को नई कार खरीदनी थी। बताया जा रहा है कि पसंद की कार इंदौर में उपलब्ध नहीं थी, जिसके चलते सभी लोग भोपाल के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान सोनकच्छ क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा स्कॉर्पियो का टायर फटने के कारण हुआ। वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टक्कर और पलटने से वाहन में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को पहले सोनकच्छ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदौर के मुंबई अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बुआ-भतीजे की मौके पर मौत
हादसे में इंदौर निवासी मयूरेश गर्ग (38) पुत्र संतोष गर्ग और उनकी बुआ संगीता अग्रवाल (51) पत्नी सुनील अग्रवाल की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में बुआ-भतीजे थे। हादसे में घायल लोगों में एक डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे में घायल सभी लोग एक ही रिश्तेदारी के हैं। इनमें सुनील अग्रवाल (62), प्रखर अग्रवाल (32), रिमी अग्रवाल (30), पलक अग्रवाल (26), सुरभि अग्रवाल (28), सुरभि की डेढ़ साल की बेटी, स्वप्नील गर्ग (37), शर्मिला गर्ग (36), कनव गर्ग (10) और दो वर्षीय दूरविक गर्ग शामिल हैं। सभी घायलों का इंदौर में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
भाजपा से जुड़े थे मयूरेश गर्ग
मृतक मयूरेश गर्ग इंदौर में भाजपा से जुड़े हुए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद उनके परिचित और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंचे। हादसे की सूचना के बाद पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय भी घटनास्थल और सोनकच्छ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा टायर फटने से हुआ या वाहन किसी अन्य कारण से अनियंत्रित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

