देवास: शादी में जा रहे परिवार की कार टायर फटने से पलटी, महिला की मौत, 6 घायल

WhatsApp Channel Join Now
देवास: शादी में जा रहे परिवार की कार टायर फटने से पलटी, महिला की मौत, 6 घायल


देवास, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां टोंककला क्षेत्र में मक्सी रोड पर बरखेड़ा फाटा के पास शादी समारोह के लिए जा रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ, जब इंदौर से पचोर जा रहा परिवार विवाह सम्मेलन में शामिल होने के लिए निकला था। रास्ते में अचानक कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में इंदौर निवासी निर्मला पत्नी घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कृष्णा साहू (35), मंजू साहू (23), आर्यन साहू (6), आदर्श साहू (लगभग ढाई वर्ष) और चालक कृष्णा मुरारी सहित अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह परिवार इंदौर के नंदा नगर क्षेत्र से दूल्हे की ओर से आयोजित विवाह सम्मेलन में शामिल होने जा रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही टोंककला पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story