देवासः जिला अस्पताल में पत्नी की सोनाग्राफी कराने आए युवक ने स्टाफ से की मारपीट, कर्मचारियों ने बंद किया काम

WhatsApp Channel Join Now
देवासः जिला अस्पताल में पत्नी की सोनाग्राफी कराने आए युवक ने स्टाफ से की मारपीट, कर्मचारियों ने बंद किया काम


देवासः जिला अस्पताल में पत्नी की सोनाग्राफी कराने आए युवक ने स्टाफ से की मारपीट, कर्मचारियों ने बंद किया काम


देवास, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिला अस्पताल में सोमवार सुबह अपनी पत्नी की सोनोग्राफी करवाने के लिए पहुंचे एक युवक ने नर्सिंग ऑफिसर की पिटाई कर दी। घटनाक्रम के बाद जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और सभी आकस्मिक चिकित्सा इकाई के बाहर इकट्ठा हो गए।

जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर अपने साथ कोतवाली थाने ले गई। कुछ ही देर में सिविल सर्जन जिला अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा करने के बाद उन्हें फिर से काम पर जाने के लिए मनाया।

जानकारी के अनुसार, नगर के आनंद नगर निवासी अमजद अपनी पत्नी शाहीन की सोनोग्राफी कराने के लिए सोमवार सुबह करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंचा था। यहां मेटरनिटी विंग के नर्सिंग ऑफिसर ने बताया कि अभी सोनोग्राफी का समय नहीं आया है। उसे एक माह बाद आने के लिए कहा। इस पर वह भड़क गया और नर्सिंग ऑफिसर से अभद्रता करना शुरू कर दी। इसी बीच अस्पताल के सोनोलॉजिस्ट डॉक्टर अजहरुद्दीन शेख ने बीच बचाव किया तो आरोपी ने डॉक्टर शेख के साथ भी मारपीट कर दी।

घटना के तुरंत बाद अस्पताल में मौजूद पुलिसकर्मी ने आरोपी को पकड़ लिया और कोतवाली थाना ले गए। इसके बाद बड़ी संख्या में चिकित्सक व अस्पताल स्टाफ के सदस्य भी कोतवाली थाना पहुंचे और आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाया।

कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story