देवउठनी एकादशी के साथ विवाह मुहूर्त शुरू, शनिवार से गूंजेंगी शहनाइयां

WhatsApp Channel Join Now
देवउठनी एकादशी के साथ विवाह मुहूर्त शुरू, शनिवार से गूंजेंगी शहनाइयां


नवंबर-दिसंबर में 11 शुभ तिथियां, 12 दिसंबर को साल का आखिरी मुहूर्त, जनवरी में फिर शुरू होंगे मांगलिक आयोजन

उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार, 21 नवंबर को इस साल का पहला विवाह मुहूर्त है। नवंबर में चार और दिसंबर में सात शुभ तिथियां विवाह के लिए उपलब्ध रहेंगी। 12 दिसंबर इस वर्ष का अंतिम विवाह मुहूर्त होगा। इसके बाद खरमास के चलते विवाह आयोजनों पर विराम लग जाएगा। नए साल में 15 जनवरी से विवाह मुहूर्त पुन: शुरू होंगे।

चातुर्मास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन सहित अन्य मांगलिक संस्कारों पर विराम लगा हुआ था। इस कारण कई परिवारों ने शादी-ब्याह की तारीखें आगे बढ़ा दी थीं। अब देवउठनी एकादशी के साथ शुभ कार्यों का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। चार महीने के इंतजार के बाद विवाह आयोजनों की तैयारियां तेज होंगी। जिन घरों में शादी की तैयारियां थमी हुई थीं, वहां एक बार फिर रौनक लौटेगी। विवाह समारोहों के साथ परिवारों के मिलन और उत्सव का दौर शुरू होगा।

वर्ष 2027 में विवाह के लिए कुल 96 शुभ दिन रहेंगे। इनमें मई और जून विवाह आयोजनों के लिहाज से सबसे अनुकूल रहेंगे। दोनों महीनों में मिलाकर 34 शुभ तिथियां उपलब्ध होंगी। वहीं अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में विवाह के मुहूर्त नहीं रहेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, इसलिए विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते।

16 दिसंबर से शुरू होगा खरमास

16 दिसंबर को सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ धनुमास यानी खरमास शुरू हो जाएगा। इस दौरान विवाह के शुभ मुहूर्त नहीं रहते। 14 जनवरी की रात सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के साथ खरमास समाप्त होगा। इसके बाद 15 जनवरी से विवाह समारोहों के लिए शुभ तिथियां शुरू हो जाएंगी। खरमास की अवधि में मांगलिक आयोजनों से परहेज किया जाता है। इस कारण दिसंबर के मध्य से जनवरी के मध्य तक विवाह समारोहों पर विराम रहेगा।

चार माह योगनिद्रा में रहते हैं भगवान विष्णु

हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस तिथि को देवशयनी एकादशी कहा जाता है। इसके बाद भगवान विष्णु चार माह तक योगनिद्रा में रहते हैं। इस अवधि को चातुर्मास भी कहा जाता है। चातुर्मास में विवाह, गृह प्रवेश सहित कई मांगलिक कार्यों के आयोजन नहीं किए जाते। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। इसे देवउठनी एकादशी कहते हैं। इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

देवउठनी पर होता है तुलसी विवाह

देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह की परंपरा है। इस दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप को दूल्हा और तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। शाम को मंडप में विधि-विधान से पूजन कर विवाह की रस्में संपन्न कराई जाती हैं। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों का मार्ग प्रशस्त होता है। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह मुहूर्त शुरू होने से विवाह स्थलों, बाजारों और आयोजन से जुड़े कारोबार में भी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780279 Articles

Share this story