जन्माष्टमी पर बिहारी जी मंदिर में उमड़ेंगे श्रद्धालु, बारिश में कैसे होगी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now


मुरैना, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में गुरुवार को हुई हल्की सी बारिश ने नगर निगम की तैयारियों और नाला सफाई के दावों की पूरी तरह पोल खोल दी। महज आधे घंटे की बारिश में ही शहर के हृदय स्थल कहे जाने वाले प्रमुख बाजार जलमग्न हो गए। शहर के मध्य में स्थित लोहिया बाजार, सदर बाजार, पंसारी बाजार और सराफा बाजार में घुटनों तक नहीं लेकिन दुकानों के अंदर तक घुसने लायक गंदा पानी भर गया। नालियां उफना गईं और उनका काला, बदबूदार पानी सीधे दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों में भारी आक्रोश है।

सराफा बाजार के दुकानदारों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। हर साल बारिश में यही हाल होता है। नगर निगम नालियों की सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करता है। परिणाम यह है कि हल्की बारिश में ही सडक़ों पर पानी भर जाता है और दुकानों में रखा सामान खराब होने लगता है। सबसे गंभीर स्थिति सराफा बाजार स्थित प्रसिद्ध श्री बिहारी जी मंदिर के आसपास की है। यहां मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।

महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि कल शुक्रवार को यहां भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही भव्य रूप में मनाया जाना है। इस मौके पर हजारों की सं या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। ऐसे में अगर दोबारा बारिश हुई तो मंदिर परिसर और गर्भगृह तक भी गंदा पानी पहुंच सकता है, जिससे बड़ा व्यवधान पैदा हो सकता है।

फिलहाल दुकानदार और श्रद्धालु दोनों ही नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज हैं और जन्माष्टमी से पहले स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

मुरैना नगर पालिक निगम आयुक्त सत्येन्द्र सिंह धाकरे का कहना है कि बारिश और जलभराव की स्थिति को देखेते सभी अधिकारियों को अलर्ट किया हुआ है। मैं अभी कई जगह शहर का भ्रमण करके आया हूं। हमारी टीम लगी हुई है। जहां भी जलभराव की स्थिति होगी वहां पानी की निकासी की जाएगी। शहर के निचले स्तर वाले इलाकों में जलभराव की समस्या है, जिसे दूर करने के लिए टीमों को लगाया गया है। निचले स्तर से वर्षा जल को निकालने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story