आगरमालवाः हरियाणा के श्रद्धालुओं को गंतव्य तक नहीं पहुंचाने पर किया हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः हरियाणा के श्रद्धालुओं को गंतव्य तक नहीं पहुंचाने पर किया हंगामा


आगरमालवा, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में हरियाणा के श्रद्धालुओं के साथ शनिवार को एक निजी यात्री बस स्टाफ द्वारा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यात्रियों को जिले के नलखेड़ा तक छोड़ने का आश्वासन देकर श्रृद्धालु यात्रियों को आगरमालवा बस स्टैंड पर उतार दिया गया, जिसके बाद आक्रोशित यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत से लगभग 30 श्रद्धालु महाकाल दर्शन के बाद आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। सभी यात्री उज्जैन के देवास गेट स्थित बस स्टैंड पहुंचे। जहां उज्जैन से आगरमालवा के बीच संचालित एक निजी यात्री बस चालक और कंडक्टर ने सभी यात्रियों को सीधे नलखेड़ा तक ले जाने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद सभी यात्री बस में सवार हो गए। बस के आगरमालवा पहुंचते ही बस चालक और कंडक्टर ने यात्रियों को उतरने के लिए कहा।

उन्होंने बताया कि बस केवल आगरमालवा तक ही जाती है और नलखेड़ा के लिए उन्हें दूसरी बस पकड़नी होगी। यह सुनते ही यात्रियों में रोष फैल गया और उन्होंने बस स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद बस स्टाफ ने यात्रियों के लिए नलखेड़ा जाने वाली दूसरी बस की व्यवस्था की, तब जाकर मामला शांत हुआ। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि इस तरह की धोखाधड़ी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story