सागर के देव जानकी रमण मंदिर में 16 जुलाई को मनाया जाएगा श्री जगन्नाथ महोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
सागर के देव जानकी रमण मंदिर में 16 जुलाई को मनाया जाएगा श्री जगन्नाथ महोत्सव


सागर, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर के बड़ा बाजार स्थित श्री देव जानकी रमण मंदिर में गुरुवार, 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी, बलराम और माता सुभद्रा का पावन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट ने इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और महाप्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

ट्रस्ट के अनुसार, शाम 7:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ, बलराम और माता सुभद्रा गर्भगृह से बाहर विराजमान होकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। इसके बाद विशेष महाआरती होगी और महाआरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि श्री देव जानकी रमण मंदिर की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार भगवान की नगर रथयात्रा नहीं निकाली जाती। प्रत्येक वर्ष भगवान मंदिर परिसर में ही गर्भगृह से बाहर आकर भक्तों को दर्शन देते हैं और सभी धार्मिक अनुष्ठान यहीं संपन्न होते हैं।

उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व मंदिर की संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए चलाए गए विशेष जनआंदोलन के दौरान असाधारण परिस्थितियों में भगवान श्री जगदीश स्वामी को रथ पर विराजमान कर कलेक्ट्रेट ले जाया गया था, जहां मंदिर हितों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि वह एक विशेष परिस्थिति थी और उसे मंदिर की नियमित परंपरा का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए।

ट्रस्ट ने कहा कि इस वर्ष भी सभी धार्मिक आयोजन मंदिर परिसर में ही संपन्न होंगे। मंदिर की परंपराओं का पालन करते हुए श्रद्धालुओं के लिए दर्शन, महाआरती और महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष शिवलाल गुप्ता, सचिव दीपक गुप्ता तथा अन्य पदाधिकारियों ने शहरवासियों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करने और महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story