सागर के देवरी में भाजपा का 'प्रबुद्ध जन संवाद' कार्यक्रम संपन्न, कांग्रेस पर जमकर बरसे नेता

WhatsApp Channel Join Now
सागर के देवरी में भाजपा का 'प्रबुद्ध जन संवाद' कार्यक्रम संपन्न, कांग्रेस पर जमकर बरसे नेता


सागर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देवरी और आसपास के क्षेत्रों से शिक्षक, अधिवक्ता, डॉक्टर, व्यापारी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी एक ही मंच पर नजर आए।

दमोह सांसद राहुल सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को रेखांकित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटेरिया ने अपने संबोधन में स्थानीय विकास कार्यों और विपक्षी दलों के हथकंडों पर बात रखी। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) श्रीमती रानी कुशवाहा ने ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की मजबूती और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने युवाओं की भूमिका और सांस्कृतिक-राजनीतिक जागरूकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का सफल और प्रभावी संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनिल ढिमोले ने किया। संवाद के दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की कार्यप्रणाली पर सिलसिलेवार तरीके से निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जब-जब कांग्रेस चुनावी मैदान और मुद्दों पर पिछड़ती है, तब-तब वह देश में अराजकता फैलाने और जनता को भ्रमित करने के हथकंडे अपनाती है।

वोट चोरी के अनैतिक हथकंडों का जिक्र करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और सत्ता हासिल करने के लिए हमेशा जोड़-तोड़ की राजनीति की है। इसके अलावा, एसआईआर से जुड़े विषयों को तोड़-मरोड़ कर समाज में वैमनस्य और अविश्वास पैदा करने की कोशिश का भी मुद्दा उठाया गया।

भाजपा नेताओं ने विशेष चेतावनी देते हुए कहा कि आजकल कांग्रेस का मुख्य ध्यान देश की युवा पीढ़ी यानी 'जेन-ज़ी' को भड़काने और सोशल मीडिया के जरिए गुमराह करने पर है। झूठे आंकड़ों और नरेटिव के दम पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि वे समाज के मार्गदर्शन के लिए आगे आएं और विपक्ष के भ्रमजाल को बेनकाब करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को सही तथ्यों से अवगत कराएं। वक्ताओं ने जोर दिया कि समाज का शिक्षित और जागरूक वर्ग ही देश को अराजकता की तरफ जाने से रोक सकता है। सभी उपस्थित जनों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे क्षेत्र में शांति, विकास और सुशासन की राह में आड़े आने वाली ताकतों का मुकाबला करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772542 Articles

Share this story