जनजातीय गौरव दिवस पर स्कूलों में होंगे चार दिवसीय आयोजन, डीईओ को जारी हुए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गौरव दिवस पर स्कूलों में होंगे चार दिवसीय आयोजन, डीईओ को जारी हुए निर्देश


जबलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम और सांस्कृतिक रैली का आयोजन होगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्कूलों में चार दिवसीय विशेष आयोजन किए जाएंगे। लोक शिक्षण संचालनालय ने शुक्रवार को इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर कार्यक्रमों की रूपरेखा भेजी है।

15 नवंबर से शुरू होकर चार दिनों तक चलने वाले आयोजनों में जनजातीय नायकों के योगदान, उनकी गौरव गाथाओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

संचालनालय ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित सभी हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ छात्रावासों और आश्रम शालाओं में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसका उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और देश के प्रति जनजातीय नायकों के योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराना है।

15 नवंबर को सभी छात्रावासों और आश्रम शालाओं में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी।

छात्रावास और आश्रम शालाओं में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की जाएगी। जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस समारोह और सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। रैली में जनजातीय समाज की लोककला, पारंपरिक वेशभूषा, लोक परंपराओं और वाद्ययंत्रों का प्रदर्शन किया जाएगा।

भगवान बिरसा मुंडा की गौरव गाथा और जनजातीय नायकों के राष्ट्रीय योगदान पर आधारित नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को इन गतिविधियों की समुचित तैयारी कर आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776664 Articles

Share this story