जबलपुर : नाबालिग आत्महत्या मामले में आरोपी शिक्षक ने विभाग से छिपाई गिरफ्तारी, जमानत के बाद फिर पढ़ाने पहुंचा

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : नाबालिग आत्महत्या मामले में आरोपी शिक्षक ने विभाग से छिपाई गिरफ्तारी, जमानत के बाद फिर पढ़ाने पहुंचा


जबलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। नाबालिग किशोरी की आत्महत्या के मामले में जेल जा चुका शिक्षक संतोष कुमार पटेल कथित तौर पर अपनी गिरफ्तारी और जेल जाने की जानकारी शिक्षा विभाग से छिपाकर जमानत मिलने के बाद दोबारा स्कूल में पढ़ाने पहुंच गया। बुधवार को जानकारी सामने के बाद आरोप है कि करीब डेढ़ महीने तक विभाग को इसकी जानकारी नहीं हुई। स्कूल की प्राचार्या ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी, जिसके बाद घटनाक्रम सामने आया।

पुलिस के अनुसार, किशोरी को कथित तौर पर चोर और डायन कहकर अपमानित करने तथा आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में शिक्षक संतोष पटेल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। शिक्षक को 19 अगस्त 2026 को जेल भेजा गया था। बाद में जमानत मिलने पर वह बाहर आया और मेडिकल लीव का आवेदन देकर दोबारा स्कूल पहुंच गया।

संतोष पटेल सगड़ा-छपनी स्कूल में 7 अप्रैल 2015 से पदस्थ हैं और राजनीतिक विज्ञान पढ़ाते हैं। गिरफ्तारी से पहले उन्होंने स्कूल रजिस्टर में मेडिकल लीव का आवेदन दिया था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद वह वापस स्कूल पहुंच गया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी और जेल जाने की जानकारी शिक्षा विभाग को नहीं दी गई।

स्कूल की प्राचार्या के अनुसार, शिक्षक की ओर से उन्हें एक आवेदन दिया गया था, जिसमें उसने अपने खिलाफ दर्ज प्रकरण को पारिवारिक विवाद के चलते झूठा बताया था। आवेदन में गिरफ्तारी, सेंट्रल जेल भेजे जाने और जमानत पर रिहाई का उल्लेख भी था। इसके बाद प्राचार्या ने डीईओ को मामले की जानकारी दी। संबंधित पत्र 8 सितंबर को डीईओ कार्यालय पहुंचा।

जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने कहा कि उन्हें शिक्षक की गिरफ्तारी और जेल जाने की जानकारी पहले नहीं थी। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story