अनूपपुर: आदर्श आदिवासी स्कूल में 9वीं से 12वीं तक उन्नयन की मांग,अभिभावक संघ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: आदर्श आदिवासी स्कूल में 9वीं से 12वीं तक उन्नयन की मांग,अभिभावक संघ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी


अनूपपुर: आदर्श आदिवासी स्कूल में 9वीं से 12वीं तक उन्नयन की मांग,अभिभावक संघ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी


अनूपपुर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक परिसर स्थित मॉडल ट्राइबल (आदर्श आदिवासी) स्कूल को कक्षा 9 से 12वीं तक उन्नत करने की मांग को लेकर अभिभावक संघ का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन मंगलवार को भी जारी है। अभिभावकों ने कहा कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अभिभावक संघ का आरोप है कि स्कूल के उन्नयन में लगातार देरी की जा रही है, जिससे आठवीं के बाद सैकड़ों आदिवासी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उच्च कक्षाएं शुरू नहीं होने से कई बच्चों के सामने आगे की पढ़ाई का संकट खड़ा हो गया है। आंदोलन शुरू होने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन का कोई अधिकारी उनसे चर्चा करने नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि कई बार आवेदन, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बावजूद अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया।

अभिभावक संघ का कहना है कि यह केवल स्कूल के विस्तार का मामला नहीं, बल्कि आदिवासी बच्चों के शिक्षा के अधिकार और समान अवसर से जुड़ा विषय है। उनका कहना है कि उच्च कक्षाएं नहीं होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई बच्चे बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।

अभिभावकों की मांग उचित- प्राचार्य

आदर्श आदिवासी स्कूल के प्राचार्य डॉ. राज नारायण ओझा ने कहा कि अभिभावकों की मांग उचित है। उन्होंने बताया कि कक्षा 9 से 12वीं तक शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। फिलहाल स्कूल में कक्षा 1 से 8 तक के संचालन का प्रावधान है और उसी के अनुसार शिक्षक व बजट उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय से अनुमति मिलते ही उच्च कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story