सीहोर में चलती स्कूल बस से उठा धुआं, बच्चों में मची अफरा-तफरी, स्कूल बसों की फिटनेस पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज

WhatsApp Channel Join Now
सीहोर में चलती स्कूल बस से उठा धुआं, बच्चों में मची अफरा-तफरी, स्कूल बसों की फिटनेस पर उठे सवाल, जांच की मांग तेज


सीहोर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहाेर जिले में शनिवार को शासकीय सांदीपनी स्कूल की एक चलती बस से अचानक धुआं उठने लगा, जिससे बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान घबराए बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे और सुरक्षित बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। समय रहते बस रोक लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया और किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से धुआं निकलते ही बच्चों में दहशत फैल गई। कुछ बच्चों ने घबराहट में बस से उतरने और कूदने का प्रयास भी किया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद जिले में संचालित स्कूल बसों की सुरक्षा और फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई निजी और स्कूल संचालकों द्वारा जर्जर तथा फिटनेस मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली बसों का संचालन किया जा रहा है। उनका कहना है कि समय-समय पर प्रभावी जांच नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से जिले की सभी स्कूल बसों का विशेष फिटनेस अभियान चलाकर निरीक्षण कराने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने मांग की है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और फिटनेस मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली स्कूल बसों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story