अनूपपुर: अमरकंटक में रेल सुविधा के लिए सर्वे की मांग, विधायक मरकाम ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
अनूपपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडौरी विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह मरकाम ने गुरुवार काे अनूपपुर जिले के अमरकंटक सहित मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी व वनांचल क्षेत्रों को रेल सुविधा से जोड़ने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ‘नर्मदा-विंध्य रेल कॉरिडोर’ के फाइनल लोकेशन सर्वे को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया है।
पेंड्रा रोड से गोटेगांव तक प्रस्तावित कॉरिडोर
विधायक मरकाम के अनुसार प्रस्तावित रेल लाइन पेंड्रा रोड–अमरकंटक–डिंडोरी–मंडला–घंसौर–लखनादौन–गोटेगांव/श्रीधाम तक होगी। यह कॉरिडोर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने का काम करेगा। मरकाम ने पत्र में कहा है कि रेल कनेक्टिविटी से अमरकंटक, डिंडोरी, मंडला, घंसौर, लखनादौन और गोटेगांव क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
अमरकंटक में रेल सुविधा नहीं
अमरकंटक धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन के लिए प्रमुख स्थल है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अभी सीधी रेल सुविधा नहीं है। ऐसे में यहां पहुंचने के लिए सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है। विधायक ने कहा कि प्रस्तावित रेल कॉरिडोर से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, तीर्थयात्रियों और पर्यटन से जुड़े लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सकती है। साथ ही मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा।
रेलवे के पत्र का भी दिया हवाला
मरकाम ने अपने पत्र में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के 9 जुलाई 2026 के पत्र का भी उल्लेख किया है। पत्र क्रमांक सीईओ/सी/बीएसपी/सीपीजीआरआई/आरएमएस/26-27 में रेलवे ने प्रस्ताव को उपयोगी बताते हुए आगे की कार्रवाई के लिए परिचालन विभाग को भेजा था। विधायक ने इसे सकारात्मक संकेत बताते हुए रेल मंत्री से फाइनल लोकेशन सर्वे को जल्द मंजूरी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्वे की मंजूरी के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

