अशोकनगर से प्रयागराज के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग, विधायक हरिबाबू ने उठाया जनहित का मुद्दा
अशोकनगर, 27 अगस्त(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के हजारों श्रद्धालुओं, छात्रों, व्यापारियों और आम यात्रियों को प्रयागराज जाने के लिए लंबे समय से हो रही भारी परेशानियों को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर हरिबाबू राय ने मध्य प्रदेश विधानसभा में ध्यान आकर्षण सूचना दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रेलवे मंत्रालय का ध्यान इस जनहित के मुद्दे की ओर आकर्षित करते हुए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की पुरजोर मांग की है।
सीधी ट्रेन न होने से यात्री परेशान:गुरुवार को विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा में दी गई सूचना के अनुसार, वर्तमान में गुना और अशोकनगर से प्रयागराज के लिए कोई भी सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण यात्रियों को बीना, झांसी या ग्वालियर जैसे स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे यात्रियों का न केवल समय और धन बर्बाद होता है, बल्कि उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और मरीजों को अत्यधिक कठिनाई होती है।
धार्मिक, शैक्षणिक और न्यायिक केंद्र है प्रयागराज:
प्रयागराज देश का एक प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और न्यायिक केंद्र है। महाकुंभ, माघ मेला, संगम स्नान, प्रतियोगी परीक्षाओं और उ‘च शिक्षा के लिए हर साल गुना-अशोकनगर क्षेत्र से हजारों लोग प्रयागराज की यात्रा करते हैं। सीधी रेल कनेक्टिविटी न होने से इन सभी वर्गों को भारी असुविधा हो रही है।
सरकार से पूछे गए तीखे सवाल:
क्या भारत सरकार एवं रेलवे मंत्रालय के समक्ष गुना-अशोकनगर से प्रयागराज के लिए सीधी रेल सेवा का प्रस्ताव भेजा गया है? यदि हां, तो वर्तमान स्थिति क्या है? यदि प्रस्ताव नहीं भेजा गया है, तो क्या रा’य सरकार शीघ्र ही रेलवे मंत्रालय को इसकी अनुशंसा भेजेगी? क्षेत्र के लाखों नागरिकों की सुविधा के लिए यह सीधी रेल सेवा कब तक प्रारंभ कराई जाएगी?
विधायक हरिबाबू राय ने सरकार से आग्रह किया है कि आम जनता की भावनाओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय से तत्काल प्रभावी पहल की जाए, ताकि क्षेत्रीय नागरिकों को एक सुरक्षित, सुलभ और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

