जबलपुर पहुंचे राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की अगवानी
जबलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंचे हैं। यहां डुमना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रक्षा मंत्री सिंह की अगवानी की और पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ थे। लोक निर्माण मंत्री सिंह ने भी केंद्रीय रक्षा मंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सुबह 11.55 बजे नई दिल्ली से विशेष विमान द्वारा जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट आगमन हुआ। उनका डुमना एयरपोर्ट पर स्वागत करने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में राज्य सभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील कुमार तिवारी इंदु, डॉ अभिलाष पांडेय, नीरज सिंह एवं संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड के सीएमडी सत्यव्रत मुखर्जी, चीफ ऑफ आर्मी स्टॉफ मेजर जनरल संजय गौतम, संभागायुक्त धनंजय सिंह, पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

