उज्जैनः सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर रेलवे एवं प्रशासन संयुक्त समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णय

WhatsApp Channel Join Now
उज्जैनः सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर रेलवे एवं प्रशासन संयुक्त समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णय


उज्जैन, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में संभागायुक्त आशीष सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को हुई रेलवे एवं प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में सिंहस्थ-2028 से संबंधित रेलवे एवं अन्य विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।इस दौरान विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा कार्यों में आने वाली बाधाओं के निराकरण हेतु निर्णय लिए गए।

बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह,रेलवे के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) पीयूष पाण्डेय, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एम पी ई बी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में रेलवे निर्माण कार्यों के दौरान नगर निगम, उज्जैन विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत विभाग के कार्यों के समन्वय पर विभागवार चर्चा की गई। रेलवे स्टेशन को राज्य शासन द्वारा विकसित की जा रही सड़क से जोड़ने, रेलवे स्टेशन पर जलापूर्ति कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक व्यवस्थाओं पर विमर्श किया गया।

बैठक में रेलवे ट्रैक के समीप संचालित निर्माण कार्यों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए फेसिंग (सुरक्षा बैरिकेडिंग) लगाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त रेलवे लाइन के ऊपर एवं नीचे प्रस्तावित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) तथा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सिंहस्थ की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल

Share this story