जबलपुर : सर्पदंश से पिता की मौत, शव घर पहुंचते ही सदमे में बेटी के प्राण निकले
जबलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में पिता की सर्पदंश से मौत के बाद उनकी 15 वर्षीय बेटी की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात ग्राम बरखेड़ा निवासी बसंत कोल (40), पिता भद्दी कोल को घर में सोते समय सर्प ने डस लिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए जबलपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सोमवार दोपहर करीब 1 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जिस सर्प ने काटा था उसे मार दिया गया था।
सोमवार को बसंत कोल का शव जब गांव पहुंचा और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, इसी दौरान उनकी 15 वर्षीय बेटी की भी मौत हो गई। परिजनों ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे किशोरी के अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी थी।
इसी दौरान सूचना मिलने पर सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी की मौत को संदिग्ध मानते हुए अंतिम संस्कार रुकवा दिया। पुलिस ने श्मशान घाट से ही किशोरी का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सिहोरा की मर्चुरी पहुंचाया।
फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के अनुसार पीएम रिपोर्ट आने के बाद बेटी की मौत का खुलासा हो सकेगा जिसके बाद कार्यवाही की जाएगी।
पिता की सर्पदंश से मौत के कुछ ही घंटों बाद किशोरी की भी मौत होने से ग्राम बरखेड़ा में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार में लगातार हुई दो मौतों से ग्रामीणों में शोक की लहर है। पिता की अर्थी के बाद बेटी की मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी गमगीन नजर आए। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही किशोरी की मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

