राजगढ़: कार ने लोडिंग ऑटो को मारी टक्कर, 13 वर्षीय बालक की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: कार ने लोडिंग ऑटो को मारी टक्कर, 13 वर्षीय बालक की मौत, दो घायल


राजगढ़, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश, राजगढ़ जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महू जोड़ के पास गुरुवार अलसुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने पीछे से लोडिंग ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार 13 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, लोडिंग ऑटो में लहसुन भरकर पचोर से शाजापुर मंडी ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार देवराज (13), पिता महेश राठौर, निवासी आक्याचोलवी जिला शाजापुर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे में ऑटो चालक जितेंद्र (25), पिता घीसालाल प्रजापति, निवासी कमलसराय थाना पचोर तथा कार में सवार सुषीलाबाई (55), पत्नी कल्याण सिंह, निवासी इंदौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सारंगपुर अस्पताल पहुंचाया।

टक्कर के बाद ऑटो में भरा लहसुन सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story