राजगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत


राजगढ़, 14 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार धतुरिया गांव के चिलावद जोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होने से पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान दुर्गाबाई बागरी (45) निवासी डूंगरगांव थाना सोयत के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अपने पति शंकरलाल बागरी और बेटे के साथ पीलवास गांव रिश्तेदारी में बेटे के रिश्ते के सिलसिले में लड़की देखने गई थीं। लौटते समय यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक असंतुलित होने पर दुर्गाबाई सड़क पर गिर पड़ीं और उसी समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे पति और बेटा सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही जीरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। हादसे की खबर डूंगरगांव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर फैल गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story