राजगढ़ : ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ : ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस


राजगढ़, 6 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई । चालक चाय पीने के लिए सड़क किनारे रुका था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 52 वर्षीय उमेश यादव, निवासी हरनामपुर, कासगंज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह अपने मालिक के साथ आगरा से अमरावती (महाराष्ट्र) की ओर मवेशी लेकर जा रहा था। रास्ते में ब्यावरा क्षेत्र में एक होटल पर चाय पीने के दौरान उमेश अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद ट्रक मालिक ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यात्रा के दौरान गुना के पास ही चालक ने घबराहट की शिकायत की थी, जिसके बाद वाहन मालिक स्वयं ट्रक चला रहा था। ट्रक से चालक की बीपी, कोलेस्ट्रॉल सहित अन्य बीमारियों की दवाइयां भी मिली हैं, जिससे उसके पूर्व से बीमार होने के संकेत मिलते हैं।

डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात को मौत का संभावित कारण माना है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story