राजगढ़ः माता विसर्जन करने गई 8 साल की बच्ची की तालाब में डूबने से मौत
राजगढ़, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम लहरची में मंगलवार को माता की प्रतिमा विसर्जन करने गई आठ वर्षीय बालिका की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बालिका पड़ोस के बच्चों के साथ गांव के तालाब पर गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में डूब गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लहरची निवासी पायल पुत्री कंवरलाल सौंधिया घर में स्थापित माता की प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए पड़ोस के बच्चों के साथ तालाब पर गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। मौके पर मौजूद अन्य बच्चे घटना के बाद डर के कारण घर लौट आए, लेकिन उन्होंने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। देर तक घर नहीं लौटी तो तालाब पर पहुंचे परिजन पायल के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और तालाब पर पहुंचे। वहां बच्ची के डूबने की जानकारी सामने आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है कि पायल के पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बालिका किन परिस्थितियों में तालाब में डूबी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

