राजगढ़ः खड़े ट्रक से टकराई बस, क्लीनर की मौत, 28 यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः खड़े ट्रक से टकराई बस, क्लीनर की मौत, 28 यात्री घायल


राजगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार अलसुबह बड़ा हादसा हो गया। इंदौर से आगरा जा रही हंस ट्रैवल्स की बस आजाद पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस के क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 28 यात्री घायल हो गए। इनमें पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार बस क्रमांक एएस 01 ओसी 2691 इंदौर से आगरा की ओर जा रही थी। पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही बस सड़क पर खड़े ट्रक क्रमांक यूपी 93 बीटी 4907 से जोरदार टकरा गई। हादसे में बस के क्लीनर कल्लू उर्फ परमानंद (35) पुत्र छक्कीलाल प्रजापति, निवासी ग्वालियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 28 यात्री घायल हो गए। घायल यात्रियों में अक्षय (कोल्हापुर), मधुवाला (छत्तीसगढ़), विधि (ग्वालियर), अंकित (भिंड), किरण व सतीश शर्मा (मुरैना), गंधर्व सिंह (श्योपुर), निशांक मित्तल, सचिन सेन (देवास), सूरज व अक्षय (दिल्ली), नीरज (ग्वालियर), राजू (मथुरा) समेत कई यात्री शामिल हैं। इसके अलावा एक 8 वर्षीय बच्चा वेदांत भी घायल हुआ है।

बस चालक नवल किशोर शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक राजेश अहिरवार, निवासी झांसी, ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर रखा था, जिसकी वजह से अचानक यह दुर्घटना हो गई। सूचना मिलते ही 108 और 112 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को शासकीय अस्पताल ब्यावरा में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story