राजगढ़ः टोल प्लाजा के पास एंबुलेंस की टक्कर से बाइक चालक आरक्षक की मौत,आबकारी महिला आरक्षक घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः टोल प्लाजा के पास एंबुलेंस की टक्कर से बाइक चालक आरक्षक की मौत,आबकारी महिला आरक्षक घायल


राजगढ़, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेड के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर कोतवाली थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास गुरुवार की रात तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 30 वर्षीय पुलिस आरक्षक देवा मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार आबकारी विभाग की आरक्षक रशिका साहू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार बीती रात हाईवे स्थित टोल प्लाजा के समीप एंबुलेंस की टक्कर से बाइक सवार देवा मौर्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल रशिका साहू को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।

देवा मौर्य मूल रूप से शिवपुरी के निवासी थे। वे राजगढ़ पुलिस लाइन में पदस्थ थे और सीजेएम कोर्ट में मुंशी के रूप में कार्यरत थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। कम उम्र में उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग सहित परिचितों और शुभचिंतकों में शोक छा गया। देवा मौर्य को शायरी का शौक था। उनकी शायरियां परिचितों के बीच लोकप्रिय थीं और लोग उन्हें गुनगुनाते थे। उनके निधन से परिचितों ने दुख जताया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे भी पहुंचे और दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story