राजगढ़ः सुबह 4 घंटे भारी वाहनों का रूट बदलने की मांग, सीएमओ ने थाना प्रभारी को लिखा पत्र

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सुबह 4 घंटे भारी वाहनों का रूट बदलने की मांग, सीएमओ ने थाना प्रभारी को लिखा पत्र


राजगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)।मध्यप्रदेष के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में सुबह के समय बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगरपालिका परिषद ने बसों और भारी वाहनों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव दिया है। नगरपालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) इकरार अहमद ने गुरुवार को शहर ब्यावरा थाना प्रभारी शिवराजसिंह चाैहान को पत्र भेजकर सुबह 6 से 10 बजे तक बसों और भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित कराने का अनुरोध किया है।

नगरपालिका ने सुझाव दिया है कि शहीद भरथरे बस स्टैंड से निकलने वाली बसों और भारी वाहनों को पीपल चाैराहा- राजगढ़ चाैराहा मार्ग से न निकालकर रेलवे स्टेशन वाले मार्ग से गुजारा जाए। वर्तमान में इस व्यस्त मार्ग से बसों के अलावा बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। सुबह के समय वाहनों की संख्या बढ़ने से मार्ग पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। स्कूल जाने का समय, बाजार की आवाजाही और मंदिर जाने वालों की भीड़ सीएमओ इकरार अहमद ने पत्र में बताया कि सुबह 6 से 10 बजे के बीच पीपल चैराहा से राजगढ़ चाैराहा की ओर यात्रियों, स्कूली बच्चों और मजदूरों की आवाजाही अधिक रहती है। इसी समय श्रद्धालुओं का मंदिरों की ओर आना- जाना भी होता है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

नगरपालिका का मानना है कि यदि इस समय बसों और भारी वाहनों को रेलवे स्टेशन मार्ग से निकाला जाता है तो व्यस्त मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और आम नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा बेहतर हो सकेगी। पत्र की प्रतिलिपि राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे और एसडीओपी प्रकाश शर्मा को भी भेजी गई है। अब पुलिस प्रशासन और यातायात व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के निर्णय का इंतजार है। गौरतलब है कि करीब दो माह पहले बस स्टैंड के पास सुबह शहर में प्रवेश कर रहे एक भारी वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। ऐसे में नगरपालिका का यह प्रस्ताव शहर की यातायात सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story