राजगढ़: सेवानिवृत्त नगर सैनिक खेत में मृत मिले, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: सेवानिवृत्त नगर सैनिक खेत में मृत मिले, पुलिस जांच में जुटी


राजगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सेवानिवृत्त नगर सैनिक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय रतनलाल मेरोठा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह उनकी पत्नी खेत पर कार्य करने पहुंचीं, जहां उन्होंने रतनलाल को मृत अवस्था में पड़ा देखा। संदिग्ध परिस्थिति को देखते हुए उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संगीता शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट या स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सरल, शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे।

पुलिस मृतक की पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story