सिवनी में तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
सिवनी में तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


सिवनी, 05 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिहोरा में रविवार सुबह एक युवक का शव तालाब किनारे संदिग्ध हालत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम सिहोरा के ही रहने वाले 35 वर्षीय मोहन गोल्हानी के रूप में हुई है। रविवार सुबह ग्रामीणों ने सिहोरा गांव की गौशाला के समीप स्थित तालाब किनारे मोहन का शव बेहद संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना लगते ही परिजन भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने इसे सामान्य मौत या दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को तालाब किनारे फेंका गया है। शोकाकुल परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच करने और हत्यारों को जल्द से जल्द ढूंढकर सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है।

लखनादौन थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शरीर पर चोट के निशानों और मौत के सटीक वैज्ञानिक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

वहीं, पुलिस की एक टीम गांव के लोगों और मोहन के दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह शनिवार की रात आखिरी बार किन-किन लोगों के संपर्क में था, किसके साथ देखा गया था और किन परिस्थितियों में वह घर से तालाब तक पहुंचा। इसके साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल्स जैसे तकनीकी साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story