राजगढ़ में नदी के तेज बहाव में बहा युवक, रेस्क्यू के दौरान मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ में नदी के तेज बहाव में बहा युवक, रेस्क्यू के दौरान मिला शव


राजगढ़, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम दलीलपुरा में नदी के तेज बहाव में बहने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सोमवार रात रपटे से गुजरते समय युवक अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया था। मंगलवार अलसुबह रेस्क्यू अभियान के दौरान उसका शव नदी से बरामद किया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया के अनुसार ग्राम दलीलपुरा निवासी सुनील पुत्र देवीसिंह वर्मा सोमवार रात काम समाप्त कर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान नदी के रपटे से निकलते समय अचानक वह तेज बहाव में बह गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रातभर तलाश के बाद मंगलवार अलसुबह नदी में युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story