राजगढ़ः कुएं में उतराता हुआ मिला महिला का शव,परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कुएं में उतराता हुआ मिला महिला का शव,परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप


राजगढ़,15 मार्च (हि.स.)। जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दौलाज में रविवार को कुएं में 45 वर्षीय महिला का शव उतराता हुआ मिला। मृतिका की बेटी सहित मायका पक्ष ने पति, सास और ससुर पर हत्या करने के आरोप लगाए है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार ग्राम दौलाज स्थित एक कुएं में 45 वर्षीय ललिताबाई पत्नी रोड़ीलाल का शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। खबर लगते ही मृतिका की बेटी गायत्री अस्पताल पहुंची और फूट-फूट कर रोने लगी साथ ही बिलखते हुए अपने पिता, दादा-दादी पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया।

ललिताबाई के मायका पक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग परेशान करते आ रहे है।पति,सास और ससुर अक्सर विवाद कर उसके साथ मारपीट करते थे। महिला कुएं के समीप कैसे पहुंची,उसकी मौत किन हालातों में हुई, इसका वास्तविक पता नही लग सका।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story