नेवज नदी किनारे पेड़ पर लटका मिला व्यक्ति का शव, गांव में फैली दहशत

WhatsApp Channel Join Now
नेवज नदी किनारे पेड़ पर लटका मिला व्यक्ति का शव, गांव में फैली दहशत


राजगढ़, 21 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदापुरा में गुरुवार सुबह उस समय दहशत फैल गई, जब नेवज नदी किनारे एक बबूल के पेड़ पर 50 वर्षीय व्यक्ति का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

मृतक की पहचान अमरसिंह तंवर पुत्र मांगीलाल तंवर निवासी मदापुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने नाहरसिंह के खेत के पास पेड़ पर शव लटका देखा। घटना की जानकारी तुरंत मृतक के भाई जगदीश तंवर और पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों के मुताबिक अमरसिंह पिछले करीब आठ दिनों से घर से बाहर था। वह पीएचई विभाग में ठेके पर ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। परिवार में उसकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटा है।

ग्रामीणों ने बताया कि अमरसिंह को बुधवार रात गांव में देखा गया था, लेकिन गुरुवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। फिलहाल घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story