राजगढ़ः 110 वर्षीय महिला का कुएं में मिला शव, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः 110 वर्षीय महिला का कुएं में मिला शव, जांच शुरू


राजगढ़, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुरा में 110 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव शुक्रवार दोपहर कुएं में तैरता हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका केसरबाई पत्नी मानसिंह गुर्जर (110) का शव गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित कुएं में मिला। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा। परिजनों ने बताया कि केसरबाई मानसिक रूप से कमजोर थीं और अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं। गुरुवार रात खाना खाने के बाद वह सो गई थीं, लेकिन सुबह बिस्तर खाली मिला। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को कुएं में शव दिखाई दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बुजुर्ग महिला कुएं के पास कैसे पहुंचीं और किन परिस्थितियों में उनकी मृत्यु हुई। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटना का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story