राजगढ़ः सरकारी स्कूल के पीछे नाले में मिला नवजात बच्ची का शव, जांच शुरु

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सरकारी स्कूल के पीछे नाले में मिला नवजात बच्ची का शव, जांच शुरु


राजगढ़, 18 अक्टूबर(हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर थाना क्षेत्र के ग्राम लसूड़िया रामनाथपुरा में रविवार सुबह सरकारी स्कूल के पीछे बने नाले में नवजात बच्ची का शव मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। पुलिस नवजात की पहचान और उसे नाले में फेंके जाने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीणों को सरकारी स्कूल के पीछे स्थित नाले में नवजात का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह मावई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नाले से बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू की। चिकित्सकीय जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, नवजात का शव करीब 4 से 6 दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, शव की वास्तविक स्थिति और मृत्यु के समय की पुष्टि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्ची को नाले में किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। इसके साथ ही बच्ची की पहचान से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story