डिंडौरी में सरकारी आवास में पंखे से लटका मिला तहसील कार्यालय के बाबू का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
डिंडौरी में सरकारी आवास में पंखे से लटका मिला तहसील कार्यालय के बाबू का शव, पुलिस जांच में जुटी


डिंडौरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के डिंडाैरी जिले की शहपुरा तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू का शव सोमवार सुबह लोकसेवा केंद्र के पास स्थित उनके सरकारी आवास में मिला। घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तम परस्ते (55) ग्राम बरबसपुर के निवासी थे और शहपुरा तहसील कार्यालय में बाबू के पद पर पदस्थ थे। वे लोकसेवा केंद्र के पास स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। सोमवार को आवास में उनका शव मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस के साथ तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस द्वारा परिजनों और परिचितों से जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसील कार्यालय के कर्मचारियों और परिचितों में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story