भोपाल में दाऊदी बोहरा समाज ने मनाई बकरीद, मस्जिदों में अदा हुई विशेष नमाज
भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दाऊदी बोहरा समाज ने ईद-उल-अधा (बकरीद) का पवित्र पर्व मंगलवार को पूरे धार्मिक उत्साह, सादगी और अकीदत के साथ मनाया। इस अवसर पर सुबह से ही शहर की बोहरा मस्जिदों में विशेष रौनक और उल्लास देखने को मिला। समाजजनों ने विशेष नमाज अदा कर देश में अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी।
मंगलवार सुबह से ही भोपाल के जुमेरती स्थित अलीगंज हैदरी मस्जिद सहित राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित बोहरा समाज की मस्जिदों में नमाजियों का तांता लगना शुरू हो गया था। समाज के पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे अपने पारंपरिक श्वेत परिधान लहंगा, साया और टोपी में सज-धजकर मस्जिदों में पहुंचे। मस्जिदों में धर्मगुरुओं द्वारा ईद का विशेष खुतबा (धार्मिक उपदेश) पढ़ा गया, जिसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से ईद-उल-अधा की विशेष नमाज़ अदा की। नमाज के दौरान समाज जनों ने बारगाह-ए-इलाही में सिर झुकाकर देश में अमन-चैन, खुशहाली, आपसी भाईचारे और चहुंमुखी तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगीं। नमाज के बाद मस्जिद परिसर और बाहर का नजारा बेहद सौहार्दपूर्ण रहा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर 'ईद मुबारक' कहा और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। बच्चों में ईद को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
दाऊदी बोहरा समाज के मीडिया समन्वयक इब्राहिम अली दाऊदी ने त्योहार के सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शहर के जिला प्रशासन, भोपाल पुलिस और नगर निगम अमले का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मुस्तैदी और सहयोग के चलते समाज का यह महापर्व बेहद शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुचारू ढंग से संपन्न हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने समस्त भोपाल वासियों को ईद की दिली मुबारकबाद देते हुए समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे की जड़ों को और मजबूत करने का संदेश दिया। गौरतलब है कि दाऊदी बोहरा समाज में बकरीद का त्योहार अन्य मुस्लिम समुदायों के मुकाबले अमूमन एक दिन पहले मनाया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

