राजगढ़ः हर घर-आंगन में हो तुलसी का वास, देवउठनी ग्यारस पर 1100 पौधे बांटने का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हर घर-आंगन में हो तुलसी का वास, देवउठनी ग्यारस पर 1100 पौधे बांटने का संकल्प


राजगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हर घर-आंगन में तुलसी का पौधा हो और लोग इसके धार्मिक, आध्यात्मिक एवं औषधीय महत्व को समझें, इसी उद्देश्य से ब्यावरा स्थित श्री अंजनीलाल मंदिर धाम में शुक्रवार को देवउठनी ग्यारस के अवसर पर लगातार 13वें वर्ष तुलसी पौधों का वितरण किया गया।

मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु तुलसी के पौधे लेने पहुंचे। इस दौरान करीब 250 से अधिक पौधों का वितरण किया गया। मंदिर ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष कुल 1100 पौधे वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में श्रीराम मंदिर के पुजारी पं. रवि नागर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह और पूर्व मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने तुलसी के धार्मिक और औषधीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तुलसी को पूजनीय स्थान प्राप्त है। प्रत्येक घर में तुलसी का पौधा होना हमारी परंपरा और आस्था का प्रतीक है।

मंदिर ट्रस्ट सदस्य राजेश पालीवाल पूर्णिमा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर ट्रस्ट परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। 2014 से निभा रहे परंपरा मंदिर ट्रस्ट परिवार वर्ष 2014 से लगातार तुलसी पौधों का वितरण कर रहा है। इसके लिए तुलसी जयंती पर बीज रोपण किया जाता है और पौधों को तैयार कर देवउठनी ग्यारस पर समारोहपूर्वक श्रद्धालुओं को वितरित किया जाता है। प्रतिवर्ष सैकड़ों पौधे घरों तक पहुंचते हैं, जहां धार्मिक अनुष्ठानों, व्रत और त्योहारों में इनकी पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिर धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को आगामी एक-दो दिनों तक पौधों का वितरण जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780662 Articles

Share this story