दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए निर्भीक होकर मतदान करें मतदाता : हेमंत खंडेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए निर्भीक होकर मतदान करें मतदाता : हेमंत खंडेलवाल


भोपाल, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदाताओं से निर्भीक, निष्पक्ष और उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का यह पर्व केवल मतदान का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने मतदाताओं से बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक मतदान की गौरवशाली परंपरा के लिए पूरे देश में जाना जाता है। उन्हें विश्वास है कि दतिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाता महिलाएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक और पहली बार मतदान करने वाले नवमतदाता—उत्साह और जिम्मेदारी के साथ मतदान कर इस परंपरा को और मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि प्रदेश और क्षेत्र के भविष्य को दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट दतिया के विकास, समृद्धि और सुशासन की नींव को मजबूत करेगा। इसलिए सभी मतदाता निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विशेष रूप से नवमतदाताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहली बार मतदान करना उनके जीवन का ऐतिहासिक क्षण है। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब युवा वर्ग जागरूक होकर अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से उपयोग करे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और मजबूत जनभागीदारी से ही प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

खंडेलवाल ने मतदाताओं से मतदान के दौरान शांति, सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जागरूक जनता रिकॉर्ड मतदान कर विकास और सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाएगी तथा भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनसमर्थन देकर क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story